logo

आपसी रंजिश में रिटायर्ड शिक्षक पर चली थी गोली, आरोपी गिरफ्तार; हथियार बरामद

आपसी रंजिश में रिटायर्ड शिक्षक पर चली थी गोली, आरोपी गिरफ्तार; हथियार बरामद

हजारीबाग:
हजारीबाग के पदमा ओपी क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक राजेश कुमार महथा पर गोली चलाने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधी के पास से 1 लोडेड  पिस्तौल, 8 जिंदा कारतूस समेत हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने शिक्षक के साथ पूर्व से चले आ रहे आपसी विवाद के कारण बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। 


बाइक सवार अपराधियों ने की थी फायरिंग
6 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे सेवानिवृत्त शिक्षक राजेश कुमार महथा अपने घर से शेविंग कराने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन पर 2 राउंड गोलियां चला दीं। गोली लगने से राजेश कुमार महथा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया।


 

जिघु गांव में बहन के घर से पकड़ा गया युवक
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में कांड के उद्भेदन और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पदमा ओपी क्षेत्र के जिघु गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान अपराधी कृष्णा महतो  को उसकी बहन यशोदा देवी के घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से 1 लोडेड  पिस्तौल बरामद की।


आरोपी कृष्णा महतो का आपराधिक इतिहास
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अपराधी ने बताया कि उसका सेवानिवृत्त शिक्षक राजेश कुमार महथा के साथ पूर्व से आपसी विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते शिक्षक से बदला लेने की नीयत से 6 सितंबर को गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार कृष्णा महतो का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ बरही (पदमा) थाना क्षेत्र में वर्ष 2020 में गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। इसके अलावा सरायकेला के आरआईटी थाना में चोरी और बरामदगी से संबंधित मामला तथा अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। पुलिस ने अपराधी के पास से एक पिस्तौल, आठ जिंदा गोलियां, दो मिस फायर गोलियां, दो खोखे, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं

Tags - Hazaribagh News Shooting Case Krishna Mahto Jharkhand Crime Rajesh Kumar Matha