गिरिडीह:
गिरिडीह में जंगली हाथियों का झुंड नजर आया। हाथियों का ड्रोन फुटेज सामने आया है। गिरिडीह सदर प्रखंड के मिर्जाडीह और बजटो के बीच बराकर नदी के किनारे साल के जंगल में हाथियों का झुंड घूम रहा है। जंगली हाथियों की मौजूदगी पर वन विभाग अलर्ट है। विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधि पर नजर बनाकर रख रही है। वन विभाग गिरिडीह पूर्वी की टीम ड्रोन कैमरे से हाथियों की सटीक लोकेशन और गतिविधि पर नजर रख रही है। वन विभाग तैयारी में है कि यदि हाथी आबादी वाले इलाकों की ओर बढ़े तो समय रहते लोगों को सूचित किया जा सके। वन विभाग ने लोगों से जंगल में नहीं जाने की अपील की है।
लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें हाथियों की गतिविधि की जानकरी मिले तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें।

हाथियों को उकसाने का प्रयास नहीं करें
वन विभाग की ओर से ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे हाथियों के झुंड के करीब न जाएं और उन्हें किसी भी तरह से परेशान करने या उकसाने का प्रयास न करें। जंगल के आसपास रहने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें और हाथियों की गतिविधि की जानकारी मिलने पर वन विभाग को तत्काल सूचित करें।

सुरक्षित सह-अस्तित्व बनाना जरूरी है
वन क्षेत्र में हाथियों का शांतिपूर्ण विचरण प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में वन विभाग और ग्रामीणों के बीच समन्वय, जागरूकता और सावधानी के जरिए मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति को टालते हुए सुरक्षित सह-अस्तित्व बनाए रखना जरूरी है।