द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में हिन्दू बस्ती के भारत रेडीमेड के कपड़ों के गोदाम में सोमवार की मध्यरात्रि को भीषण आग लगी। आग इतनी तेज थी कि गोदाम में रखे कपड़े पूरी तरह जलकर राख हो गए। अनुमान है कि आग से करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
गोदाम मालिक रेहान खान ने बताया कि उन्हें रात में आग लगने की सूचना मिली। जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक गोदाम पूरी तरह आग की चपेट में था। उन्होंने पुलिस को बताया कि आग लगने के समय चार-पांच युवक गोदाम के सामने खड़े देखे गए थे। उन्हें शक है कि इन्हीं युवकों ने जानबूझकर आग लगाई होगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल के दिनों में गोलमुरी क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां बढ़ी हैं। कहीं वाहनों को तोड़फोड़ का शिकार बनाया जा रहा है, तो कहीं जानबूझकर आग लगाई जा रही है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी आग लगने का सही कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
शहर में हाल ही में आगजनी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। सोमवार को ही जुगसलाई स्थित वीर कुंवर सिंह चौक के पास खड़ी एक कार में आग लगी। इससे पहले सिदगोड़ा और सोनारी में भी कुछ कारों में आगजनी हुई थी। शनिवार रात बागबेड़ा के लाल बिल्डिंग निवासी नितेश की कार में भी आग लगाई गई थी।
