द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले में आग का भीषण तांडव देखने को मिला। श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में गुरुवार सुबह अचानक लगी आग से एक घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में लगभग 5 लाख रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई, जिसमें लोन के रूप में लिए गए 2 लाख रुपये नकद भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, शिवपतिया कुंवर के घर में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा अनाज, कपड़े, बक्सा और अन्य सामान देखते ही देखते जलकर खाक हो गया। परिजनों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
शिवपतिया कुंवर के पुत्र विजय साह ने बताया कि घर निर्माण की तैयारी के लिए 2 लाख रुपये का लोन लिया गया था, जो नकद घर में रखा हुआ था और आग की भेंट चढ़ गया। उनके अनुसार, इस घटना में कुल मिलाकर करीब 5 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उनके सामने रहने और खाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दमकल विभाग को बुलाया। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल पीड़ित परिवार प्रशासन से सहायता की उम्मीद लगाए बैठा है।
