द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के जमुआ–पचंबा मुख्य मार्ग स्थित करोड़ीह धारचाची के पास मंगलवार को एक 407 मालवाहक वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांडेय के फूलजोरी निवासी 40 वर्षीय हुलास मोदी के रूप में हुई है। हादसे के दौरान 407 वाहन भी सड़क पर पलट गया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया। घटना की सूचना के बाद मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। इसी बीच जमुआ पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। दसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया था। हालांकि पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप, कार्रवाई के आश्वासन और न्याय दिलाने के भरोसे के बाद जाम हटाया गया। मामले की जांच जारी है।
