जमशेदपुर:
जमशेदपुर में अपने सोशल मीडिया फॉलोअर से हुई मुलाकात चाईबासा की एक युवती को महंगा पड़ गया। दरअसल, पीएनएम मॉल में मंगलवार को चाईबासा की एक युवती की मुलाकात अचानक उसके एक इंस्टाग्राम फॉलोअर से हुई। दोनों के बीच पहले से सोशल मीडिया पर फॉर्मल बातचीत थी, लिहाजा कुछ देर बातचीत के बाद युवक ने अपने मोबाइल का चार्ज खत्म होने की बात कही और घर फोन करने के बहाने युवती से उसका मोबाइल मांग लिया। फिर क्या था, फोन हाथ में आते ही कहानी बदल गयी।
युवक ने नेटवर्क नहीं आने का बहाना बनाया और थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर वहां से निकल गया। इंतजार के बाद भी जब वह नहीं लौटा तो युवती ने इंस्टाग्राम के जरिए उससे संपर्क किया, लेकिन युवक ने बाद में मोबाइल लेने की बात से ही इनकार कर दिया। मामले की शिकायत युवती ने पुलिस से की है।

काम के सिलसिले में जमशेदपुर आई थी पूनम
चाईबासा निवासी पूनम कुमारी सिंह के अनुसार, वह काम के सिलसिले में जमशेदपुर आयी थी। पीएनएम मॉल पहुंचने पर वहां उनकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर फॉलो करने वाले युवक से हो गयी। दोनों के बीच पहले से सामान्य बातचीत थी। पूनम के मुताबिक, वह युवक से पहले साकची मार्केट में भी मिल चुकी थी। पूनम ने बताया कि बातचीत के दौरान युवक ने कहा कि उसके मोबाइल का चार्ज खत्म हो गया है और उसे घर फोन करना है। उसने फोन करने के लिए युवती से उसका मोबाइल मांगा। मोबाइल मिलने के बाद युवक ने नेटवर्क नहीं आने की बात कही और कुछ दूरी पर चला गया। कुछ देर बाद युवती ने उसे तलाशा तो वह वहां नहीं था।
युवती ने मॉल के CCTV फुटेज की जांच की मांग की
इसके बाद युवती ने मॉल के एक गार्ड का फोन लेकर अपनी इंस्टाग्राम आईडी लॉगिन की और युवक से संपर्क किया। आरोप है कि युवक ने खुद को स्टेशन के पास बताया और जल्द लौटकर मोबाइल देने की बात कही। काफी देर इंतजार के बाद भी वह वापस नहीं आया। बाद में उसने मोबाइल लेने से ही इनकार कर दिया। युवती का दावा है कि पीएनएम मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों में युवक को उससे मोबाइल लेते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
आदित्यपुर-2 निवासी प्रिंस सिंह है आरोपी युवक
पूनम के अनुसार, युवक ने उसे अपना नाम प्रिंस सिंह बताया था और आदित्यपुर-2 में रहने की जानकारी दी थी। युवती का आरोप है कि घटना के बाद युवक ने अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल से सभी तस्वीरें हटा दी और उसे सोशल मीडिया पर भी ब्लॉक कर दिया। हालांकि, इस संबंध में आरोपी युवक का पक्ष फिलहाल सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और लगाये गये आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।