द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने आज राज्य के कोने-कोने से बड़ी संख्या में लोग रामगढ़ जिले के नेमरा गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक आवास पर लोगों ने "गुरुजी" की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। आम जनता से लेकर जनप्रतिनिधि, मंत्री, सांसद और विधायक तक सभी ने पहुंचकर गुरुजी की स्मृतियों को नमन किया और मुख्यमंत्री से मिलकर गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
बिरसाइत पंथ अनुयायियों ने की विशेष प्रार्थना
बिरसाइत पंथ के अनुयायियों ने भी आज नेमरा में विशेष प्रार्थना की और दिशोम गुरु की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। श्राद्ध कर्म के सातवें दिन सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। मौके पर हर व्यक्ति की आंखें नम थीं, लेकिन उनके दिलों में "गुरुजी" के संघर्षों और आदर्शों की गूंज साफ सुनाई दे रही थी। लोगों ने उन्हें सच्चा जननायक और झारखंडी अस्मिता का प्रतीक बताया।

लोगों ने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन आदिवासी, दलित, गरीब और शोषित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया। अलग झारखंड राज्य के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय रहा। आज सिर्फ झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरा देश उन्हें एक जननायक के रूप में हमेशा याद रखेगा। उनका जीवन, संघर्ष और विचार आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।