द फॉलोअप डेस्क
मांडू थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड पुलिस के एक जवान की मौत हो गई। जवान की पहचान रमाशंकर पांडे के रूप में हुई है। घटना रात लगभग 2 बजे की है, जब पुलिस गश्ती दल एक संदिग्ध ट्रक का पीछा कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर ने जवान को कुचल दिया।
जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात ट्रक NH से गुजर रहा था। चरही पुलिस को इस ट्रक पर कुछ संदिग्ध गतिविधियों का संदेह हुआ। गश्ती दल ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया लेकिन ट्रक चालक ने रफ्तार तेज कर दी और भाग निकला। इसके बाद चरही पुलिस ने मांडू थाना को सूचना दी। मांडू थाना के जवानों ने सड़क पर बैरिकेडिंग कर ट्रक को रोकने की कोशिश की। लेकिन ट्रक चालक ने फिल्मी अंदाज में डिवाइडर पर चढ़ते हुए बैरिकेड को तोड़ दिया और ट्रक में सवार 5 से 6 लोग मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि ये लोग किसी स्थान से डीजल चोरी कर लौट रहे थे। इसी अफरातफरी के बीच, हजारीबाग की ओर से आ रहा एक कंटेनर ने तेज रफ्तार में आते हुए चरही थाना के गश्ती दल में शामिल जवान रमाशंकर पांडे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि रमाशंकर पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों वाहनों- संदिग्ध ट्रक और कंटेनर को जब्त कर लिया है। मांडू पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। रमाशंकर पांडे पलामू जिले के विश्रामपुर क्षेत्र के निवासी थे और कई वर्षों से चरही थाना में पदस्थापित थे। उनके निधन की सूचना परिजनों को दे दी गई है और शव को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
