द फॉलोअप डेस्क
मात्र 50 रुपये के लिए खून की नदियाँ बह जाएंगी, किसी ने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। लेकिन गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मुण्डराडीह गाँव में ऐसा ही हुआ। दरअसल मृतक से उसके मित्र ने 200 रूपए कर्ज लिए थे और जिस दिन घटना घटी उस दिन उसे 150 वापस भी कर दिया गया था, लेकिन सिर्फ 50 रूपए बकाया के कारण यह घटना घट गई।.jpg)
जानकारी के मुताबिक, 31 अगस्त की शाम बकाया 50 रुपये माँगने को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि देखते-ही-देखते खून-खराबे में तब्दील हो गया। इसी दौरान मकसूद अंसारी (उम्र 40 वर्ष, पिता बसीर अंसारी) ने अपने साथी अनाउल अंसारी (पिता जमालुद्दीन अंसारी) पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया।
घायल अनाउल को सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस वारदात के बाद पूरे गाँव में सनसनी फैल गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी ने तुरंत विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में बनी टीम ने 1 सितंबर को अशगन्दों जंगल से आरोपी मकसूद अंसारी को धर दबोचा। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खूनी चाकू भी बरामद कर लिया। इस सनसनीखेज हत्या के बाद बेंगाबाद थाना में कांड संख्या-130/25 दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।