द फॉलोअप डेस्क
परमवीर चक्र विजेता लांस नायक शहीद अल्बर्ट एक्का की जीवनी पर आधारित फिल्म का निर्माण किया जा रहा है। इसकी शूटिंग 27 दिसंबर से गुमला जिले के उनके पैतृक गांव जारी में शुरू होगी। फिल्म के लेखक-निर्देशक सुमंत रतूरी और निर्माता सागर गौड़ा ने बताया कि जारी में फिल्म का सेट तैयार कर लिया गया है। गुरुवार को शहीद के पुत्र भीमसेन एक्का से फिल्म का मुहूर्त कराया जाएगा।
निर्माताओं के अनुसार, फिल्म की शूटिंग की शुरुआत शहीद के गांव और उनके घर से ही की जाएगी। निर्देशक सुमंत रतूरी ने बताया कि उनके पिता लेखक हैं और उन्होंने 1971 के युद्ध पर पुस्तक लिखी है। उस पुस्तक को पढ़ने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि एक जनजातीय क्षेत्र के युवक की वीरता केवल साहित्य तक सीमित न रह जाए। देश के युवाओं में ऊर्जा का संचार और देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से इस फिल्म का निर्माण किया जा रहा है। फिल्म का संभावित नाम ‘गंगासागर का युद्ध’ रखा गया है, हालांकि यह अंतिम नहीं है। अल्बर्ट एक्का की भूमिका बॉलीवुड अभिनेता अमरीश पुरी के पोते वरदान पुरी निभाएंगे, जबकि शहीद की पत्नी बलमदिना एक्का की भूमिका बॉलीवुड अभिनेत्री साक्षी मोकदन निभा रही हैं।
.jpeg)