पाकुड़
पाकुड़ में शराब के नशे में एक सनकी पति ने अपनी पत्नी और बेटी की निर्मम हत्या कर दी. यह घटना जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के रद्दीपुर ओपी अंतर्गत गड़मारा गांव की है. जानकारी के अनुसार, इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा गुरुवार को हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक मदन कुमार शर्मा, सीओ संजय सिन्हा, महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा और ओपी प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल पर गहन जांच की.
दो दिन पहले घर लौटा आरोपी और कर दी पत्नी-बेटी की हत्या
जांच के दौरान पुलिस को घर के आंगन में 12 वर्षीय नेहा टुडू का शव मिला. वहीं उसकी मां, 42 वर्षीय सूरुज किस्कु, लापता थीं. काफी खोजबीन के बाद गांव में ही जुनाश टुडू की आवास योजना के तहत बन रहे एक निर्माणाधीन घर के अंदर गड्ढा खोदकर दफनाया गया सूरुज किस्कु का शव बरामद किया गया. पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी नरेश टुडू को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. मृतका के परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी नरेश टुडू अक्सर शराब के नशे में रहता था और पहले भी कई बार अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर चुका था. वह कुछ दिन पहले ईंट भट्ठे पर काम करने बंगाल गया था और दो दिन पहले ही घर लौटा था.

पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद नशे में आरोपी ने पत्थर से कुचलकर अपनी पत्नी सूरुज किस्कु की हत्या कर दी. मां को बचाने आई बेटी नेहा टुडू का गला दबाकर उसकी भी हत्या कर दी गई. इसके बाद आरोपी ने पत्नी के शव को निर्माणाधीन घर में दफना दिया और घर आकर सो गया. आज सुबह ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने घटनास्थल से फावड़ा और पत्थर भी बरामद किया है.
.jpeg)