logo

झारखंड के 12 पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल ‘प्रेस टूर टू केरलम’ पर रवाना, समझेंगे विकास का मॉडल

WhatsApp_Image_2026-08-30_at_3_44_21_PM.jpeg

रांची
रांची के तत्वावधान में आयोजित ‘प्रेस टूर टू केरलम’ के लिए रविवार को झारखंड के 12 मीडियाकर्मियों का प्रतिनिधिमंडल केरलम के लिए रवाना हुआ। पांच दिवसीय यह दौरा 31 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव कुमार पुष्कर और प्रिंस कुमार इस भ्रमण कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय अधिकारी हैं।
भारत सरकार के संस्थानों और पर्यटन मॉडल को समझेगा दल
इस दौरे का उद्देश्य झारखंड के पत्रकारों को केरलम में स्थित भारत सरकार के विभिन्न संस्थानों और लोक उपक्रमों का भ्रमण कराने के साथ-साथ उन्नत बुनियादी ढांचे, पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन, ऐतिहासिक धरोहरों और राष्ट्रीय महत्व के वैज्ञानिक संस्थानों की कार्यप्रणाली से जमीनी स्तर पर अवगत कराना है।
कोच्चि वाटर मेट्रो और ऐतिहासिक स्थलों का होगा भ्रमण
दौरे की शुरुआत 31 अगस्त को कोच्चि से होगी। यहां प्रतिनिधिमंडल भारत की पहली आधुनिक ‘कोच्चि वाटर मेट्रो’ प्रणाली का अवलोकन करेगा। इसके साथ ही दल बहुसांस्कृतिक इतिहास वाले फोर्ट कोच्चि और मसालों के व्यापार के ऐतिहासिक केंद्र मट्टनचेरी का भ्रमण करेगा।
रबर अर्थव्यवस्था और इको-टूरिज्म का अध्ययन
1 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल कोट्टायम स्थित रबर बोर्ड के राष्ट्रीय मुख्यालय का दौरा करेगा। यहां दल केरल की रबर अर्थव्यवस्था को समझेगा। इसके बाद कुमारकोम में वेम्बनाड झील पर विकसित इको-टूरिज्म मॉडल का अध्ययन किया जाएगा।
राज्यपाल से मुलाकात, पद्मनाभस्वामी मंदिर के दर्शन
तिरुवनंतपुरम पहुंचने के बाद 2 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल पीआईबी के अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) और केरल के राज्यपाल से औपचारिक मुलाकात करेगा। इसी दिन दल ऐतिहासिक श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के दर्शन भी करेगा।
वैज्ञानिक और चिकित्सा संस्थानों का दौरा
3 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल सीएसआईआर-एनआईआईएसटी (CSIR-NIIST) और एससीटीआईएमएसटी (SCTIMST) जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों का दौरा करेगा। इस दौरान चिकित्सा, शोध और तकनीकी क्षेत्र में केरल की प्रगति को समझने का प्रयास किया जाएगा।
विझिंजम पोर्ट और विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र का अवलोकन
दौरे के अंतिम दिन 4 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल बहुचर्चित विझिंजम प्राकृतिक गहरे पानी वाले बंदरगाह (Vizhinjam Port) का अवलोकन करेगा। इसके अतिरिक्त दल विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र का भी दौरा करेगा। इस दौरान पत्रकारों को देश के आधुनिक बंदरगाह और अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़ी गतिविधियों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
 

Tags - Press Tour Keralam PIB Ranchi Jharkhand Journalists Kerala Tourism Vizhinjam Port