जामताड़ा:
नाला विधानसभा क्षेत्र के बागडेहरी थानाक्षेत्र अंतर्गत अखना गांव के पास शुक्रवार को वज्रपात की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बेगूजुड़ी गांव निवासी 45 वर्षीय गंगाधर घोष के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इलाके में तेज बारिश हो रही थी। कोयला ढुलाई का काम करने वाले गंगाधर घोष रोजाना की तरह काम पर गए थे। बारिश से बचने के लिए वे एक घर में रुके और फिर बारिश कुछ कम हुई तो अपनी साइकिल पर कोयला लादकर निकले थे।

महुआ पेड़ के नीचे खड़े थे गंगाधर घोष
रास्ते में अचानक बारिश शुरू हो गई तो वह बचने के लिए महुआ के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी अचानक तेज गर्जन के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से गंगाधर घोष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी।

2 बच्चों को अनाथ छोड़ गए गंगाधर घोष
सूचना मिलते ही बागडेहरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी किशन कुमार ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़ कर रख दिया है। मृतक के 2 छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। परिजनों का कहना है कि गंगाधर ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।