बोकारो:
बोकारो में दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में घायल बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है। वारदात जिले के चंद्रपुरा थानाक्षेत्र अंतर्गत डीवीसी पश्चिम-पल्ली आवासीय कॉलोनी की है। मृतकों में 65 वर्षीय नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी है। अपराधियों ने बेटे रोहित सिन्हा को भी गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल रोहित को पहले चंद्रपुरा अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल हॉस्पिटल रेफर किया गया। उसकी हालत नाजुक है।

कम से कम 15 राउंड फायरिंग हुई है
दावा है कि अपराधियों ने 14-15 राउंड फायरिंग की जिससे पश्चिम-पल्ली समेत पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात की सूचना मिलते ही चंद्रपुरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। हत्या किसने और क्यों की, फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
.jpeg)
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छानबीन में जुटी है।