द फॉलोअप डेस्क, रांची:
राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार की दोपहर डोरंडा थाना क्षेत्र के डिबडीह ओवरब्रिज पर एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकराकर पुल के बीचों-बीच पलट गई। बारिश के कारण सड़क में फिसलन की समस्या बनी रहती है। इस दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और खंभा भी टूट गया। राहगीरों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। जिससे वाहन पर नियंत्रण रखना मुश्किल हुआ होगा।
.jpeg)
कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा
हालांकि इस दुर्घटना की वास्तविक कारण का पता नहीं चला है। कार में दो युवक सवार थे। गनीमत रही कि दोनों को गंभीर चोटें नहीं आईं, उन्हें राहगीरों ने सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला। डिबडीह ओवरब्रिज से गुजर रहे लोगों की नज़र जैसे ही पलटी हुई कार पर गयी, तुरंत लोगों ने युवकों को बाहर निकालने में मदद की। दुर्घटना के बाद ओवरब्रिज पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। इधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सामान्य कराने में जुट गई।
