logo

सर्पदंश से सगे भाई-बहन की मौत, समय पर इलाज नहीं मिलने से गई जान

सर्पदंश से सगे भाई-बहन की मौत, समय पर इलाज नहीं मिलने से गई जान

सरायकेला-खरसावां:

सरायकेला-खरसावां के खरसावां प्रखंड के संतारी गांव में मंगलवार तड़के सर्पदंश से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों बच्चे घर में सो रहे थे, इसी दौरान किसी विषैले सांप ने उन्हें डस लिया। समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण दोनों की जान चली गई। मृतकों की पहचान सचिन जोंको के 11 वर्षीय पुत्र शिवा जोंको और 13 वर्षीय पुत्री सीमा जोंको के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 5 बजे भाई-बहन कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान दोनों को किसी जहरीले सांप ने डस लिया। बच्चों ने जागने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी, लेकिन सर्पदंश की गंभीरता को तत्काल नहीं समझा जा सका। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने में काफी देर हो गई।

सुबह 11 बजे ग्रामीणों को मिली जानकारी
सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद दोनों बच्चों को आनन-फानन में सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही शिवा की रास्ते में मौत हो गई। वहीं, गंभीर हालत में सीमा को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही संतारी गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से ग्रामीण भी गमगीन हैं।

समय पर अस्पताल पहुंचाते को बचती जान
ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि सर्पदंश की घटना को गंभीरता से लें। ऐसे मामलों में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जाए। समय पर चिकित्सकीय उपचार और एंटी-वेनम मिलने से सर्पदंश के कई मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है।

Tags - Jharkhand NewsSnakebiteSaraikela KharsawanHealth News