द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र स्थित हुट्टी बाजार के रविदास मोहल्ला में गुरुवार रात होली के जश्न के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। तेज आवाज में बज रहे गाने को बंद कराने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान हुट्टी बाजार रविदास मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय अजय कुमार दास के रूप में हुई है। वहीं घायलों में राजेश दास, प्रदूम दास और प्रेम दास शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है। घायल प्रदूम दास ने बताया कि होली के दूसरे दिन मोहल्ले में नाच-गाना चल रहा था और तेज आवाज में बॉक्स पर गाने बजाए जा रहे थे। इससे परेशान होकर अजय कुमार दास समेत कुछ लोग मौके पर पहुंचे और गाना बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान Ravi Das अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में अजय कुमार दास को कई जगह गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य तीन लोग भी बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अजय कुमार दास को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
.jpeg)
सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मुख्य आरोपी रवि दास समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।