द फॉलोअप डेस्क
पटना से रांची आ रही इंडिगो की विमान लैंडिंग से पहले पक्षी से टकरा गई। इस विमान में कुल 175 यात्री सवार थे। पक्षी से टकराने के कारण विमान को लगभग 40 मिनट तक हवा में रोका गया। इसके बाद पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंडिगो की यह विमान (एयरबस 320) ने पटना से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी। विमान में 175 यात्री सवार थे। लैंडिंग से पहले, रांची के पास विमान की टक्कर एक पक्षी से हो गई। यह घटना उस समय हुई जब विमान लगभग 10-12 नॉटिकल माइल्स दूर और 3000-4000 फीट की ऊंचाई पर था।
इस टक्कर में केवल विमान को नुकसान पहुंचा है, यात्रियों को कोई चोट नहीं आई है। एक अधिकारी के अनुसार, लैंडिंग से पहले एक गिद्ध जो लगभग 4000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, वह विमान से टकरा गया। इस वजह से विमान में डेंट लग गया। इसके बाद पायलट ने विमान को लगभग 40 मिनट तक सुरक्षित रूप से हवा में रखा और फिर सफलतापूर्वक इमरजेंसी लैंडिंग कराई।विमान को हुए नुकसान का आकलन इंजीनियरों की टीम द्वारा किया जा रहा है।