द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से कुंभ स्नान कर बिहार लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ मंगलवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर देवरिया गांव के सामने खड़े ट्रक से सीएनजी ऑटो टकरा गया। इस भिड़ंत में तीन तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और मां-बेटी घायल हो गईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार की सुबह लगभग पांच बजे हुआ। मृतकों में औरंगाबाद जिले के राजकुमार सिंह, अंजु सिंह, और ऑटो चालक दीपक कुमार शामिल हैं। हादसे में घायल मां कंचन सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मृतकों में:
1. राजकुमार सिंह – न्यू एरिया, सदर थाना, जिला औरंगाबाद
2. अंजु सिंह (पति स्व. पप्पू सिंह) – डालटनगंज, पलामू
3. ऑटो चालक दीपक कुमार (पिता बिरेंद राय) – बैदी पौथू, थाना जम्होर, जिला औरंगाबाद
घायल अंजलि और उसकी मां कंचन सिंह भी इस हादसे में शामिल हैं। अंजलि ने बताया कि वह लोग अपने गांव से सीएनजी ऑटो बुक कर महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गए थे और अब लौट रहे थे। दुर्घटना के समय यह समझा जाता है कि ऑटो चालक को झपकी आई होगी, जिससे यह घटना घटी।
सभी यात्री कुंभ स्नान के बाद अपने घर लौट रहे थे, लेकिन यह हादसा उनके सफर में दुखद मोड़ लेकर आया।