logo

ऑटो पार्किंग के विवाद में 13 साल के बच्चे की हत्या, चिकन-भात का लालच देकर ले गया था आरोपी

ऑटो पार्किंग के विवाद में 13 साल के बच्चे की हत्या, चिकन-भात का लालच देकर ले गया था आरोपी

पाकुड़:

पाकुड़ के हिरणपुर में  ऑटो पार्किंग को लेकर हुए विवाद में 13 साल के मासूम की हत्या कर दी गई। आरोपी बच्चे को चिकन-भात खिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया था। मामला हिरणपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत नयाग्राम का है। बच्चा 23 सितंबर को करमा पूजा के दौरान लापता हो गया था। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए जानकारी दी है कि मृतक दीनानाथ सिंह के पिता और आरोपी मनोज कुमार के बीच पुरानी रंजिश थी। दरअसल, दीनानाथ सिंह और मनोज कुमार के मकान के बीच छोटी सी जमीन पर ऑटो पार्क करने को लेकर दोनों परिवारों में अक्सर विवाद होता था। 

चिकन-भात का लालच देकर बच्चे को ले गया
एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि वारदात वाले दिन आरोपी मनोज कुमार, बच्चे को चिकन-भात खिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया। उसने, वाहनों में स्टेपनी बदलने के लिए इस्तेमाल होने वाले लोहे के जैक से वार करके बच्चे की हत्या कर दी और शव को नदी में फेंक दिया। इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी मनोज गांव लौट आया और रोजमर्रा की जिंदगी में ऐसे व्यस्त हो गया, जैसे कि कुछ हुआ ही नहीं है। इधर, लापता बच्चे की तलाश में माता-पिता की हालत खराब थी। 

एसपी के निर्देश पर बनी थी विशेष एसआईटी
चूंकि मामला एक 13 साल के बच्चे के लापता होने से जुड़ा था, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर मिसिंग केस का खुलासा एक हत्याकांड के रूप में हुए महज 48 घंटे के भीतर आरोपी को हिरणपुर बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया।  पुलिस के मुताबिक आरोपी मनोज ने बच्चे की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। 

देवपुर-मंगलपाड़ा के बीच नदी से मिला शव
आरोपी मनोज की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का जैक और ऑटो बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने नगर थानाक्षेत्र में देवपुर और मंगलपाड़ा के बीच नदी किनारे मृत बालक का शव बरामद किया। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। 
 

Tags - Jharkhand NewsPakur NewsCrimeChild Murder in Parking Dispute