द फॉलोअप डेस्क
गुड फ्राइडे त्यौहार के मद्देनज़र भाजपा ने पूर्व घोषित झारखंड बंद की तिथि में बदलाव किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने जानकारी दी कि अब झारखंड बंद 4 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा, जबकि 3 अप्रैल को सभी जिला और प्रखंड मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सर्वधर्म समभाव में विश्वास रखने वाली पार्टी है, इसलिए किसी भी धार्मिक कार्यक्रम में बाधा नहीं डालना चाहती।
आदित्य साहू ने राज्य की विधि-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं और महिलाओं के खिलाफ अपराध चिंताजनक स्तर पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने 24 मार्च को हजारीबाग के विष्णुगढ़ प्रखंड के कुसुंबा गांव की घटना का जिक्र करते हुए सरकार पर तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के आह्वान पर 3 अप्रैल को मशाल जुलूस के जरिए विरोध जताया जाएगा और 4 अप्रैल को झारखंड बंद कर राज्य सरकार के खिलाफ जनआक्रोश व्यक्त किया जाएगा।