साहिबगंज:
साहिबगंज की सकरीगली में उफनाई हुई गंगा नदी में डूबने से 9 साल के बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान अभिराज के रूप में हुई है। गुरुवार को नहाने के दौरान अभिराज गहरे पानी में चला गया था। देर रात अभिराज का शव बरामद किया जा सका। अभिराज गोपालपुर पिल्हार टोला निवासी अग्रसेन चौधरी का छोटा बेटा था। वह UPS रामपुर इंग्लिश स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र था और अपनी मौसी के घर पर रहकर पढ़ाई करता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि अभिराज बीती शाम को गंगा नदी में नहाने गया था। इन दिनों, मानसून की बारिश की वजह से नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। नहाने के दौरान अभिराज गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बच्चे का शव बरामद किया।
स्कूल में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा
अभिराज की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। अभिराज की मौत से स्कूल में भी मातम पसरा है। गुरुवार को स्कूल में शोकसभा का आयोजन करके शिक्षकों और विद्यार्थियों ने दिवंगत छात्र को श्रद्धांजलि दी।

अभिभावकों से की गई यह खास अपील
इन दिनों गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण नदी किनारे कई गड्ढों और निचले इलाकों में भी पानी भर गया है। ऐसे में नदी के किनारे जाना और बच्चों का पानी में उतरना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। अभिराज की मौत ने एक बार फिर नदी के बढ़े जलस्तर के बीच सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को उफनती नदी, गहरे पानी और जलभराव वाले इलाकों से दूर रखें, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।