द फॉलोअप डेस्क
गुमला में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर द्वारा नगर भवन परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह मेला मंगलवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महत्तो और जिला नियोजन पदाधिकारी अनामिका तिर्की ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला नियोजन पदाधिकारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत पौधा भेंट कर किया। रोजगार मेले में गुमला सहित झारखंड के कुल 14 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। मेले में कुल 317 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 187 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। अंततः 87 युवक-युवतियों का विभिन्न पदों के लिए चयन किया गया और उन्हें ऑफर लेटर प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि दिलेश्वर महत्तो ने अपने संबोधन में जिला नियोजनालय, नियोजकों, विभागीय प्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों और रोजगार की तलाश में आए युवाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन प्रत्येक तीन माह में किया जाता है, जिसका अधिक से अधिक लाभ उठाकर युवा अपने भविष्य को सशक्त बना सकते हैं। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल गुमला और झारखंड, बल्कि अन्य राज्यों में भी रोजगार के अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पदों के माध्यम से युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर मिल रहा है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रवि कुमार गहलोत, प्रवीण सुरीन, विजय लकड़ा, संदीप राम, कृष्णा राम, मंजूला लकड़ा, सीता कुमारी और शैलेन्द्र साहु सहित अन्य कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
.jpg)