logo

गुमला : डकैती की योजना बना रहे 6 लोग गिरफ्तार, देसी कट्टा बरामद

gumla_6_arrest.jpg

गुमला
गुमला जिला के रायडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में रायडीह थाना कांड संख्या 21/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि रायडीह थाना क्षेत्र के जगमाई गांव स्थित देवलाल खड़िया के घर के पीछे कुछ लोग एकत्र होकर डकैती की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
तलाशी के दौरान देसी कट्टा बरामद
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी करते हुए छापेमारी की. इस दौरान मौके से संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को पकड़कर पूछताछ की गई. पूछताछ में सभी आरोपियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई और उन्होंने अपराध की योजना बनाने की बात स्वीकार की. तलाशी के दौरान अनिल साहु के पास से एक देशी कट्टा और उसमें लोड एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. वहीं, रीतेश दास के पास से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और वर्मी सिंह के पास से आईटेल कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
गिरफ्तार आरोपियों में जगमाई निवासी वर्मी सिंह, देवलाल खड़िया, कुलबुंडा निवासी रीतेश दास, पालकोट थाना क्षेत्र के कुलबीर निवासी अनिल साहु सहित कुल छह लोग शामिल हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. छापेमारी दल में थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव के अलावा पु.अ.नि. विनय कुमार साह, भा.अ.नि. धनंजय सिंह और रायडीह थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. 

 

Tags - Gumla police arrest Raidih police station 6 arrest in gumla dacoity plot foiled criminals arrested Gumla