logo

गिरिडीह : घाघरा गांव में 'खुकरी' सब्जी खाने से 6 लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज 

food_poisning_giridih.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में शुक्रवार को फूड पॉइजनिंग की एक गंभीर घटना सामने आई, जिसमें एक ही परिवार के छह लोग बीमार हो गए। सभी पीड़ितों को गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय घटी जब पीड़ितों ने दोपहर के भोजन में खेत से तोड़कर लाई गई 'खुकरी' सब्जी का सेवन किया। यह सब्ज़ी झारखंड के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में पाई जाती है और शहरी बाजारों में महंगे दामों में बिकती है। सब्जी खाने के कुछ ही समय बाद सभी लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई।
बीमार हुए लोगों की पहचान सोनम कुमार (13 वर्ष), वर्षा कुमारी (11 वर्ष), आयुष कुमार (7 वर्ष), अभिलाषा कुमारी, मान्यता देवी और राजेश प्रसाद वर्मा के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी की हालत अब स्थिर है और खतरे से बाहर हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुआ। स्वास्थ्य विभाग की एक टीम को गाँव भेजा गया, जिसने सब्ज़ी के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट में फूड पॉइजनिंग की पुष्टि हुई है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि सब्जी विषैली थी या उसे बनाने की प्रक्रिया में कोई चूक हुई थी। फिलहाल पूरे गांव को सतर्क किया गया है और ग्रामीणों को खेतों से सीधे सब्जी तोड़कर खाने से परहेज करने की सलाह दी गई है।



 

Tags - latest news latest giridih news Giridih updates latest Giridih news giridih Updates latest news Latest updates jharkhand Updates latest jharkhand news jharkhand News in hindi