द फॉलोअप डेस्क, रांची:
विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर रांची नगर निगम ने कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को हरिओम टावर में चल रहे पांच कोचिंग सेंटरों को नियमों का पालन नहीं करने पर सील कर दिया गया। नगर निगम की टीम शहर में कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी की जांच कर रही है। इस दौरान फायर एनओसी, अग्निशमन उपकरण, बिजली सुरक्षा, वेंटिलेशन, प्रवेश-निकास, भवन क्षमता और ट्रेड लाइसेंस समेत कई बिंदुओं की जांच की जा रही है।

18 कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू
जांच में कुछ संस्थानों में निर्धारित सुरक्षा और कानूनी मानकों का पालन नहीं पाया गया। कई जगह वैध ट्रेड लाइसेंस भी नहीं मिला। निगम की ओर से संबंधित संस्थानों को पहले नोटिस देकर तीन दिन के भीतर कमियां दूर करने का निर्देश दिया गया था। समय सीमा खत्म होने के बाद भी सुधार नहीं होने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। नगर निगम के मुताबिक, कुल 18 कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें पांच संस्थानों को बुधवार को सील किया गया, जबकि बाकी संस्थानों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षित निकास और बिजली व्यवस्था अनिवार्य
निगम ने स्पष्ट किया कि अभियान का मकसद केवल संस्थानों को बंद करना नहीं, बल्कि छात्रों के लिए सुरक्षित शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करना है। खासकर आग से बचाव, सुरक्षित निकास और बिजली व्यवस्था में लापरवाही को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में शहर के अन्य कोचिंग संस्थानों की भी जांच जारी रहने की संभावना है।
