द फॉलोअप डेस्क
राज्य में नगर पंचायत चुनाव को लेकर खूंटी में गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। इसी बीच नामांकन प्रक्रिया के पांचवे दिन भी लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मनोनित बोदरा समेत विभिन्न वार्ड पार्षद पदों के लिए कुल 33 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं अलग-अलग वार्डों के लिए भी 14 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्रों की खरीदारी की। बताते चलें कि अब तक दो दिनों में वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 41 उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके हैं। बीते मंगलवार को नामांकन को लेकर समाहरणालय परिसर में दिनभर गहमागहमी की माहौल बनी रही। सुबह 11 बजे से ही उम्मीदवारों और उनके समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया था।

अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मनोनित बोदरा कचहरी मैदान से ढोल-नगाड़ों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस के रूप में नामांकन करने पहुंचीं। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा जुलूस की अगुवाई कर रहे थे। बताते चलें कि पांचवें दिन नामांकन दाखिल करने वालों में वार्ड संख्या एक से राजकुमार प्रसाद, फरहीन सबा और आसिफ इकबाल, वार्ड दो से सुमित्रा कुमारी, वार्ड तीन से दिनेश कुमार महतो और सुरेश जायसवाल, वार्ड चार से हेमंती कुमारी और अनिता देवी, वार्ड छह से सुलोचना देवी, संजू देवी और अंजना देवी, वार्ड सात से प्रेमानंद तिवारी, अनूप कुमार साहू, दीपक साहू और आंचल देवी, वार्ड आठ से शशांक शेखर, रोहित कुमार और प्रदीप साहू, वार्ड नौ से विनय नायक और योगेंद्र नायक, वार्ड 10 से मो. आदिल हुसैन और मो. खालिद हुसैन, वार्ड 12 से अनिल कच्छप, वार्ड 13 से शेपलि स्मृति भेंगरा और जूही प्रियंका टोपनो, वार्ड 15 से कविता वर्मा, वार्ड 16 से लिली सुषमा भेंगरा, वार्ड 17 से मिखाइल तिडू और आनंद मसीह तिडू, वार्ड 18 से गंगू टूटी और सुंदरमनी हंस तथा वार्ड 19 से बसंती पूर्ति और हुलासी भेंगरा शामिल हैं।

वहीं, नामांकन प्रक्रिया के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अध्यक्ष पद की कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मनोनित बोदरा ने कहा कि उनका लक्ष्य खूंटी शहर को एक 'खिलखिलाता शहर' बनाना है। आगे उन्होंने यह भी कि जितने के बाद उनकी पहली प्राथमिकता- बुनियादी समस्याएं जैसे पानी, बिजली और सड़क से आमजन को निजात दिलाना होगा। वहीं, आगे उन्होंने बिना किसी भेदभाव के योजनाओं को धरातल पर उतारने का भी भरोसा दिलाया। इधर, भाजपा ने भी अध्यक्ष पद के लिए रानी टूटी को प्रत्याशी के तौर पर समर्थन की घोषणा कर दी है। भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद राम ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर रानी टूटी को पार्टी का अध्यक्ष पद का समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है। उन्होंने बताया कि रानी टूटी बुधवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी।