logo

गढ़वा में 3000 किलो नकली मिठाई जब्त, JCB से गड्ढा खोदकर जमीन में दफना दिया

a733.jpg

गढ़वा:

गढ़वा में 3000 किलो मिलावटी और नकली मिठाई जब्त की गई है। जब्त करने के बाद मिठाइयों को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर जमीन में दफना दिया गया। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि मिठाइयों का ना तो दुकान में दोबारा इस्तेमाल किया जा सके और न ही इसे जानवर खाएं। गौरतलब है कि गढ़वा में मिलावटी और नकली मिठाई को लेकर मिल रही शिकायतों के आधार पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई है। छापेमारी अभियान में नगर परिषद की स्वच्छता टीम ने भी हिस्सा लिया। एसडीएम संजय पांडेय ने जानकारी दी कि मिठाई इतनी खराब थी कि इसे जानवर भी नहीं खा सकते थे, इसलिए इसे फेंकने की जगह जमीन में दफना दिया गया। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। 

होली के रंग से रंगी जा रही थी मिठाई
छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री श्रीवास्तव, नगर परिषद के नगर प्रबंधक एवं पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। जांच के दौरान कई दुकानों से सड़ी-गली मिठाइयां बरामद हुईं। वहीं, कुछ दुकानों में खाद्य पदार्थों में उपयोग होने वाले मानक रंगों के बजाय होली में इस्तेमाल होने वाले रंग मिलाए जाने की पुष्टि हुई। इसके अलावा चांदी के वर्क की जगह एल्यूमिनियम वर्क का इस्तेमाल भी पाया गया, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है।

औरंगाबाद-गया में की जाने थी सप्लाई
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि अधिकांश नकली मिठाइयों की आपूर्ति औरंगाबाद, गया आदि क्षेत्रों से हो रही है। साथ ही स्थानीय स्तर पर प्लास्टिक कारोबार से जुड़े कुछ लोगों द्वारा इसकी सप्लाई किए जाने की सूचना भी मिली है। प्रशासन ने ऐसे सभी संदिग्ध आपूर्ति श्रृंखला की जांच शुरू कर दी है।

पहले भी 50 क्विंटल मिठाई जब्त किया था
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व अगस्त माह में भी एसडीएम संजय कुमार द्वारा इसी प्रकार की कार्रवाई करते हुए 50 क्विंटल से अधिक मिठाइयों को जब्त कर नष्ट किया गया था तथा सभी पर 1-1 लाख रुपए का रुपये का जुर्माना भी जिला प्रशासन की ओर से लगाया गया था। बावजूद इसके, वही कारोबारी संभवतः पुनः सक्रिय हो गए हैं। बाजार क्षेत्र के जिन व्यापारियों के नाम इस प्रकरण में सामने आ रहे हैं, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

एसडीएम ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि सभी नमूनों की जांच कराते हुए संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई एवं जुर्माना सुनिश्चित किया जाए। यह अभियान बस स्टैंड एवं रंका मोड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया।

Tags - GarhwaGarhwa NewsAdulterated Sweet in GarhwaGarhwa Municipal Council