द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-220 मुख्य मार्ग स्थित लेकड़ा कोचा मोड़ के पास रविवार की अहले सुबह 3.30 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे में मृत तीनों युवकों की पहचान जमशेदपुर के बारीडीह निवासी लखन कुमार, संजय लोहार और राजू सांडिल के रूप में हुई है।.jpeg)
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि तीनों आपस में दोस्त है और बीती रात चाईबासा बहन के घर जाने की बात कह कर निकले थे। सुबह सूचना मिली कि तीनों की सड़क हादसे में मौत हो गयी है। परिजनों ने इसके लिए ट्रैफिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।.jpeg)
मालूम हो कि तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर चाईबासा जा रहे थे। इसी दौरान लकड़ा कोचा मोड़ के समीप खड़े हाईवा में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतना जोरदार था कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गये। वहीं, तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। उधर घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। इधर आक्रोशित परिजनों ने हाईवा मलिक को बुलाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया है। पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक चाईबासा से टाटा की ओर जा रहे थे, रास्ते में लेकड़ कोचा मोड़ के समीप सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल से पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस घटना स्थल पहुंची और तीनो के शव को अपने कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच जुटी है।