logo

हिमाचल में हिमस्खलन से गुमला के 3 लोगों की मौत

himi3.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में सोमवार को बर्फीले तूफान के कारण झारखंड के तीन मजदूरों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार भाबा घाटी क्षेत्र में एक वर्क साइट पर जब काफी मजदूर लंच टाइम में भोजन के लिए जुटे थे। तभी अचानक से बर्फीला तूफान आ गया और इसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार झारखंड के रहने वाले सीमोन किंडो और बिरया की बर्फिले तूफान के दौरान मौके पर ही मौत हो गई।  जबकि झारखंड के ही रहने वाले एक अन्य मजदूर रतनलाल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों मजदूर गुमला जिले के रहने वाले थे। 


दो मजदूरों की हालत गंभीर
पुलिस ने बताया कि बर्फीले तूफान के कारण नेपाल के रहने वाले कृष्णा नाम का मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे रामपुर अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं एक अन्य मजदूर चंद्र नाथ को काटगांव स्थित एक हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। इस हादसे के बाद भावनगर स्टेशन के अधिकारी जगदीश ठाकुर के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की एक टीम मौके पर पहुंची और हालत का जायजा लिया। 


हिमस्खलन के कारण सड़कें भी बंद
लाहौल-स्पीति के सिस्सू के समीप रोपसंग नाला में भी हिमस्खलन से यातायात प्रभावित होने की सूचना है। अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व एवं आपदा प्रबंधन ओंकार शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से राज्य में मौसम खराब चल रहा है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों खासकर लाहौल-स्पीति, पांगी, किन्नौर, कुल्लू और शिमला में बर्फबारी हो रही है। इस बार देरी से होने वाली बर्फ थोड़ा सा मौसम साफ होने पर टूट कर गिर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार तेजी से इन सभी क्षेत्रों में सड़कें खोलने और बिजली बहाल करने की कोशिश कर रही है। 
हमारे वाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करेंः- https://chat.whatsapp.com/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn