पाकुड़/नंदलाल तुरी
पाकुड़ में आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक बड़ी ट्रेन संचालन बाधित कर दुर्घटना की साजिश करने की एक गंभीर साजिश का खुलासा किया है। पुलिस ने तिलभीटा और कोटालपोखर रेलवे स्टेशन के बीच पटरी पर लोहे का भारी टुकड़ा रखकर ट्रेन संचालन बाधित करने के आरोप में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान यार मोहम्मद शेख उर्फ जोकर (29), राहुल शेख (27) और नजमी शेख (33) के रूप में हुई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी 'जोकर' अपने कुछ साथियों की पहले हुई गिरफ्तारी से नाराज था। रेलवे प्रशासन और आरपीएफ को परेशान करने और उनसे बदला लेने की नीयत से उसने यह खतरनाक साजिश रची थी। 10 जनवरी की रात करीब 10 बजे इन आरोपियों ने कुमारपुर के पास लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 41/सी के समीप पटरी पर 1.57 मीटर लंबा रेल का टुकड़ा रख दिया था। यदि समय रहते इसकी सूचना न मिलती, तो कोई भी यात्री ट्रेन बड़े हादसे का शिकार हो सकती थी।.jpeg)
गिरफ्तार आरोपियों ने न केवल पटरी पर बाधा डालने की बात कबूल की, बल्कि यह भी स्वीकार किया कि वे 6 जनवरी की रात तिलभीटा स्टेशन पर मालगाड़ी से कोयला चोरी करने की घटना में भी शामिल थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 14 जनवरी को छापेमारी कर यार मोहम्मद और राहुल को पकड़ा, जिनकी निशानदेही पर बाद में तीसरे आरोपी नजमी शेख को भी धर दबोचा गया।.jpg)
इस मामले में आरपीएफ ने रेलवे अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. वहीं बरहरवा जीआरपी ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को आवश्यक कागजातों के साथ 14 जनवरी 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया । रेलवे और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो इस साजिश से एक बड़ा रेल हादसा हो सकता था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।