logo

इसरो के शैक्षणिक भ्रमण के लिए 28 छात्राएं रवाना, विज्ञान और प्रौद्योगिकी में करियर बनाने की मिलेगी प्रेरणा

isro_tour.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की पहल पर सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत छात्राओं के शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसके तहत जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों की 28 छात्राएं 11 अगस्त 2025 को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (SDSC SHAR), श्रीहरिकोटा का शैक्षणिक भ्रमण करेंगी। इस दल में पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, आश्रम आवासीय विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस एवं अन्य सरकारी विद्यालयों की छात्राएं शामिल हैं। चयनित छात्राओं की सूची पूर्व में इसरो प्रशासन को प्रेषित की जा चुकी है। छात्राओं के दल के साथ कार्यपालक दंडाधिकारी मृत्युंजय कुमार एवं अन्य इंस्ट्रक्टर की भी टीम भेजी गयी है। 

समाहरणालय परिसर से छात्राओं को रवाना करते हुए डीसी कर्ण सत्यार्थी ने सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह एक्सपोज़र विजिट विशेष रूप से ग्रामीण एवं वंचित समुदायों से आने वाली छात्राओं के लिए आयोजित की जा रही है, जिससे वे विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नये अवसरों और संभावनाओं से रूबरू हो सकें। इस भ्रमण के दौरान छात्राएं इसरो के विभिन्न तकनीकी एवं अनुसंधान संबंधी कार्यों की जानकारी प्राप्त करेंगी, जिससे उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान, रॉकेट प्रक्षेपण एवं उपग्रह प्रौद्योगिकी का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा।

डीसी ने उम्मीद जताई कि यह यात्रा छात्राओं के लिए जीवनभर का यादगार अनुभव होगी और उनके भविष्य निर्माण में प्रेरणादायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर छात्राओं को बड़े सपने देखने और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

Tags - jharkhand news jharkhand update jharkhand khabar purvi singhbhum education news ISRO news educational tour ISRO's educational tour