द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना की पुलिस ने खरकई नदी रेलवे ब्रिज के पास से दो युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों युवक किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।.jpeg)
दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी के आदेश पर जुगसलाई थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन करते हुए छापामारी की गई। इस दौरान दोनों युवकों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागबेड़ा के हरहरगुट्टू निवासी अभिषेक सिंह एवं जुगसलाई के शिवघाट रोड निवासी गणेश रजक उर्फ चूजा के रूप में हुई है। इनके पास से पुलिस ने 7.65 एमएम के दो पिस्टल, तीन जिंदा गोली और एक एप्पल का मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभिषेक सिंह पहले भी आपराधिक मामले में शामिल रहा है। उसके खिलाफ जुगसलाई थाना में आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।