द फॉलोअप डेस्क
पलामू में बुधवार देर रात एक बार फिर पुलिस जवानों और TSPC नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस के 2 जवान शहीद हो गए। वहीं एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में किया जा रहा है। इसकी पुष्टि पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने की है। शहीद जवान सुनील राम व संतन मेहता हैं। वहीं घायल जवान का नाम रोहित कुमार है।.jpeg)
मिली जानकारी के अनुसार यह मुठभेड़ रात करीब 12:30 बजे शुरू हुई, जब पुलिस की टीम केदल जंगल में विशेष ऑपरेशन अभियान चला रही थी। इसी दौरान नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों के मारे जाने और घायल होने की भी खबर है, हालांकि फिलहाल किसी का शव बरामद नहीं हो सका है।
बता दें कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मनातू की केदल जंगल में नक्सली पहुंचे हैं और किसी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। इसकी सुचना मिलने के बाद पुलिस जवानों ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया। जवानों के पहुंचते ही टीएसपीसी के नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू की। इसी घटना में पुलिस के दो जवान शहीद हो गये और एक घायल है। पुलिस ने जानकारी दी कि इस घटना में कुछ नक्सलियों के घायल व मारे जाने की खबर है, हालांकि शव बरामद नहीं हो सका है।
मुठभेड़ में घायल जवान रोहित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उनके जांघ के नीचे गोली लगी थी। जिसके बाद चिकित्सकों की देखरेख में जवान का इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पलामू एसपी रीष्मा रमेशन भी घायल को देखने अस्पताल पहुंची है। वहीं घटनास्थल व उसके आसपास के क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर अभियान को तेज कर दिया है।