द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह-डुमरी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 114A पर बराकर पुल के समीप बीती रात एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हो गया। पुल के निकट 2 चारपहिया वाहन, एक स्कॉर्पियो SUV और एक मारुति सिडान तेज़ रफ्तार के कारण पेड़ से टकराकर बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।.jpg)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा देर रात उस वक्त हुआ जब स्कॉर्पियो पहले असंतुलित होकर पेड़ से टकराई और उसके कुछ ही क्षण बाद पीछे से आ रही सिडान भी उसी स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो काले रंग की थी जबकि सिडान उत्तर प्रदेश नंबर की सफेद रंग की गाड़ी थी।
मौके के पास चाय की दुकान चलाने वाली एक महिला ने बताया कि रात में तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब बाहर निकलकर देखा तो दोनों वाहन दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में थे और सवार लोग घायल हो चुके थे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
गौरतलब है कि इसी पुल के समीप कुछ दिन पहले भी दो वाहन आपस में टकरा गए थे, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा सड़क के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर लगाए गए थे। बावजूद इसके दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।