द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची में आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को नौकरी पाने का बड़ा मौका मिला। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से आयोजित इस मेले में 500 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। मेले में 22 कंपनियों और संस्थानों ने भाग लेकर विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया के बाद 158 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर सौंपा गया, जबकि 333 अभ्यर्थियों को अगले चरण की भर्ती प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।

जिलों में रोजगार मेले और भर्ती शिविर किए जाएंगे आयोजित
रोजगार मेले में बैंकिंग, स्वास्थ्य सेवा, सुरक्षा, ऑटोमोबाइल और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी कई कंपनियां शामिल रहीं। इन संस्थानों ने योग्य उम्मीदवारों का चयन कर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान किए। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे रोजगार मेलों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नौकरी के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़ना है। आने वाले समय में भी राज्य के विभिन्न जिलों में रोजगार मेले और भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। विभाग ने युवाओं से झारखंड नियोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की है। पोर्टल पर कंपनियां समय-समय पर रिक्त पदों की जानकारी देती हैं, जिससे अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।