logo

11वीं टाटा स्टील जमशदेपुर हाफ मैराथन 29 नवंबर को, इनामी राशि 9.18 लाख; प्रत्येक धावक के नाम लगेगा 1 पौधा

11वीं टाटा स्टील जमशदेपुर हाफ मैराथन 29 नवंबर को, इनामी राशि 9.18 लाख; प्रत्येक धावक के नाम लगेगा 1 पौधा

जमशेदपुर:

Jharkhand News: पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से टाटा स्टील (TATA Steel) ने 11वीं जमशेदपुर हाफ मैराथन (Jamshedpur Half Marathon) के आयोजन की घोषणा कर दी है। आगामी 29 नवंबर को जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स (JRD TATA Sports Complex) में इसका आयोजन होगा। इस वर्ष मैराथन की थीम ‘रन फॉर द ग्रीनर टुमारो’ रखी गयी है। इसके तहत पंजीकरण कराने वाले प्रत्येक प्रतिभागी के नाम पर एक पौधा लगाया जायेगा। आयोजन में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं के बीच कुल 9.18 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जायेगी। इच्छुक प्रतिभागी tatasteelruns.com पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

मैराथन में धावकों के लिए ऐसी होगी इनामी राशि
इस संस्करण में हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की 3 प्रमुख प्रतिस्पर्धाएं होंगी। हाफ मैराथन में महिला और पुरुष वर्ग के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को 1-1 लाख रुपये मिलेंगे। दूसरे स्थान पर 75 हजार, तीसरे स्थान पर 51 हजार, चौथे स्थान पर 31 हजार और पांचवें स्थान पर 11 हजार रुपये दिये जायेंगे। 10 किलोमीटर दौड़ में महिला और पुरुष वर्ग के विजेताओं को 51-51 हजार रुपये मिलेंगे। दूसरे स्थान पर 41 हजार, तीसरे पर 31 हजार, चौथे पर 21 हजार और पांचवें स्थान पर 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जायेगा। वहीं, 5 किलोमीटर दौड़ में दोनों वर्गों के प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों को 10-10 हजार रुपये मिलेंगे। दूसरे स्थान पर आठ हजार, तीसरे पर सात हजार, चौथे पर छह हजार और पांचवें स्थान पर पांच हजार रुपये दिये जायेंगे।

समूह में पंजीकरण कराने पर छूट की घोषणा
आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए समूह में पंजीकरण कराने पर छूट देने की भी घोषणा की गयी है। 15 नवंबर तक पंजीकरण कराने वाले प्रतिभागियों को उनके नाम वाले व्यक्तिगत रेस बिब दिये जायेंगे। आयोजन में 2 किलोमीटर की दौड़ भी पूर्व की तरह शामिल रहेगी। पहली बार 5 किलोमीटर दौड़ में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को भी पदक दिया जायेगा।

पिछले वर्ष 10वें संस्करण में 4200 धावक थे शामिल
टाटा स्टील की ओर से आयोजित यह मैराथन पिछले एक दशक में शहर के प्रमुख खेल आयोजनों में शामिल हो चुकी है। पिछले वर्ष आयोजित 10वें संस्करण में 4200 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया था। इस बार भी धावकों, फिटनेस प्रेमियों, शिक्षण संस्थानों, कॉरपोरेट समूहों और आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस वर्ष धावकों की संख्या बढ़कर पांच हजार तक पहुंचेगी।

प्रत्येक पंजीकृत धावक के नाम लगेगा एक पौधा
मैराथन की खास पहल के तहत प्रत्येक पंजीकृत धावक के नाम पर एक पौधा भी लगाया जायेगा। प्रतिभागियों को बाद में पौधरोपण स्थल पर जाकर अपने सामूहिक योगदान को देखने का अवसर भी दिया जायेगा। इसके अलावा प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने के लिए आयोजन में बायोडिग्रेडेबल ग्लास का उपयोग किया जायेगा। टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में कहा कि यह मैराथन अब केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, फिटनेस, सामुदायिक भागीदारी और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का साझा मंच बन चुकी है। खेल के माध्यम से सामुदायिक विकास और बेहतर जीवनशैली को बढ़ावा देना भी इसका उद्देश्य है।

खेल और सामुदायिक विकास कार्यसंस्कृति का हिस्सा
टाटा स्टील का कहना है कि खेल और सामुदायिक विकास उसकी कार्यसंस्कृति का अहम हिस्सा रहे हैं। कंपनी जमशेदपुर में खेल आधारभूत संरचना, प्रतिभा विकास और जमीनी स्तर पर खेल कार्यक्रमों के माध्यम से लंबे समय से योगदान दे रही है। देश में कोलकाता की टाटा स्टील वर्ल्ड आगामी 20 दिसंबर को 25K, आगामी 22 नंबर को नोवामुंडी रनाथन और आगामी 9 जनवरी, 2027 को कपिलाश हाफ मैराथन समेत विदेशों में भी कंपनी विभिन्न दौड़ आयोजनों के जरिए सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करेगी। इस वर्ष इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) आयोजन की हॉस्पिटैलिटी पार्टनर है।

टाटा स्टील ने शहरवासियों, धावक समूहों, शिक्षण संस्थानों, कॉरपोरेट संगठनों और परिवारों से मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। आयोजन के जरिए फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी का संदेश देने की तैयारी है।

Tags - Jharkhand News11th TATA Steel Half MarathonJharkhand Sports NewsJamshedpur