रांची
JSSC-CGL परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही CID की SIT अब तक करीब 100 सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ कर चुकी है। सोमवार को भी सीआईडी की टीम ने लगभग 20 अभ्यर्थियों से पूछताछ की। जांच के दौरान संदिग्ध भूमिका सामने आने वाले अभ्यर्थियों से क्रमवार पूछताछ की जा रही है।
दो दर्जन सफल अभ्यर्थियों को फिर समन
जानकारी के अनुसार, SIT ने मंगलवार को भी करीब दो दर्जन सफल अभ्यर्थियों को पूछताछ के लिए समन जारी किया गया है। इन अभ्यर्थियों से परीक्षा में उनकी भूमिका, चयन प्रक्रिया और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़े नए तथ्य सामने आने की संभावना है।
अभय तिवारी से लगातार पूछताछ
जेएसएससी और जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितता से जुड़े मामले में सीआईडी ने सोमवार को भी मास्टरमाइंड के तौर पर चिन्हित अभय तिवारी से पूछताछ की। सीजीएल परीक्षा के जरिए सरकारी नौकरी हासिल करने वाले और टीडीपीएल में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत अभय से मंगलवार को भी पूछताछ जारी रहने की बात कही गई है।
पत्नी और भाई को भेजा गया जेल
मामले में गिरफ्तार अभय तिवारी की पत्नी सुषमा और भाई अक्षय से पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। बताया गया है कि सुषमा और अक्षय भी सीजीएल परीक्षा में सफल होकर सरकारी नौकरी हासिल कर चुके थे। एसआईटी अब मामले में इनकी भूमिका और अन्य संदिग्ध अभ्यर्थियों से संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।