logo

बोकारो में शौच के लिए गई 10 वर्षीय बच्ची से खेत में रेप, आरोपी गिरफ्तार

A591.jpg

कसमार/बोकारो:

बोकारो के कसमार थानाक्षेत्र के एक गांव में 10 वर्षीय बच्ची के साथ रेप हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव के ही 32 वर्षीय इजराइल अंसारी के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

घटना के बाद गांव में आक्रोश है। मामले की सूचना मिलते ही कसमार पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी थी। इसी क्रम में आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वहीं, पीड़िता को चिकित्सीय जांच और उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

पीड़िता की मां ने दुष्कर्म होते देखा
पुलिस को दिए लिखित आवेदन के अनुसार, सोमवार को करीब 11:30 बजे बच्ची स्कूल से घर लौटी थी। नाश्ता करने के बाद वह पास के खेत की ओर शौच के लिए गई थी। करीब 10 से 15 मिनट तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजन उसकी तलाश में निकल गए। इसी दौरान बच्ची की मां को खेत की ओर से उसके रोने और चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। वह तत्काल मौके पर पहुंचीं। आवेदन के अनुसार, वहां आरोपी युवक बच्ची के साथ दुष्कर्म कर रहा था। मां को अपनी ओर आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया।

मां के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज
इसके बाद बच्ची ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजन तत्काल उसे लेकर कसमार थाना पहुंचे। पीड़िता की मां के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूक हों ग्रामीण
घटना को लेकर जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन और सहयोगिनी से जुड़े कार्यकर्ताओं गौतम सागर व रवि कुमार राय ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बच्चों के खिलाफ यौन हिंसा की घटनाओं को रोकने के लिए समाज को संवेदनशील और सतर्क होने की जरूरत है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए।

Tags - RapeBokaroSexual AssualtCrime News