logo

जमशेदपुर : नौकरी का झांसा देकर बंधक बनाए गए युवा, फ्लैट से निकले चीखते हुए; आधी रात पुलिस ने मारा छापा

jsr0230.jpg

जमशेदपुर 

झारखंड के जमशेदपुर और घाटशिला से अब तक का सबसे बड़ा नौकरी घोटाला सामने आया है। इस स्कैम में सैकड़ों युवाओं को रोजगार दिलाने का झांसा देकर जबरन काम कराया गया और उन्हें बंधक बना लिया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर देर रात ग्रामीण एसपी की अगुवाई में घाटशिला और गोविंदपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई, जहां से पुलिस ने 280 युवक-युवतियों को मुक्त कराया।
बताया जा रहा है कि "ग्लेज इंडिया" और "राधा इंटरप्राइजेज" नामक फर्जी कंपनियां युवाओं को टाटा समेत नामी कंपनियों में नौकरी दिलाने का लालच देकर बुलाती थीं। एक उम्मीदवार से 25 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। इसके बाद उन्हें मार्केटिंग का काम देकर जबरन काम कराया जाता था।


युवाओं को उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों से बुलाया जाता था। विरोध करने पर उन्हें जंगलों में ले जाकर पीटा जाता या कमरों में बंद कर दिया जाता। कई पीड़ित महीनों से इन कंपनियों की कैद में थे।
रात करीब 2 बजे की गई रेड के दौरान घाटशिला से 180 और गोविंदपुर के भोला बागान से 100 लोगों को छुड़ाया गया। चश्मदीदों के अनुसार घटनास्थल पर करीब 500 से ज्यादा युवतियां भी थीं, जिन्हें तत्काल रेस्क्यू नहीं किया जा सका।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंपनी का प्रमुख और अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। इस पूरे मामले ने राज्यभर में हड़कंप मचा दिया है और इसे झारखंड का अब तक का सबसे बड़ा नौकरी घोटाला माना जा रहा है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest