पलामू
जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगियाही रेल पटरी के पास 16 अगस्त की सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अमरेन्द्र सिंह उर्फ बब्लू सिंह, निवासी ग्राम सुआ, थाना सदर, पलामू के रूप में हुई। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा पाया गया। मृतक अमरेन्द्र का अपनी पूर्व प्रेमिका काजल कुमारी से पिछले पांच वर्षों से संबंध था। वर्ष 2022 में काजल की शादी हो चुकी थी, लेकिन दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था। बताया जा रहा है कि काजल के परिवार वाले इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे।
15 अगस्त की रात अमरेन्द्र अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। इसी दौरान काजल के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और कथित तौर पर अपने घर ले जाकर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव को रेल पटरी पर फेंक दिया गया, जिससे ट्रेन की चपेट में आकर शव दो हिस्सों में कट गया।
.jpg)
मृतक के भाई रविन्द्र कुमार सिंह के लिखित आवेदन पर सदर थाना में कांड संख्या 85/2025, दिनांक 16.08.2025 को BNS की धाराओं 103(1)/238/61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
1. योगेन्द्र यादव, पिता – बृक्ष यादव
2. राकेश यादव, पिता – योगेन्द्र यादव
3. कलावती देवी, पति – योगेन्द्र यादव
4. बृक्ष यादव, पिता – स्व. सोमारू यादव
(सभी निवासी ग्राम – सुआ, थाना – सदर, जिला – पलामू)
पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई के तहत गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामला फिलहाल न्यायिक प्रक्रिया में है।
