logo

चाकुलिया में जंगली हाथी ने 60 वर्षीय बुजुर्ग को कुचला, इलाज के दौरान मौत

WhatsApp_Image_2026-07-27_at_12_03_31_PM.png

पूर्वी सिंहभूम
पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह हाथी के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना चाकुलिया वन क्षेत्र के कलियाम गांव की है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय अनिल महतो के रूप में हुई है।
घटना की पूरी जानकारी
जानकारी के अनुसार, अनिल महतो सोमवार सुबह अपने घर के पास ब्रश कर रहे थे। इसी दौरान हाथियों का एक झुंड गांव से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि करीब 20 हाथियों के झुंड में शामिल एक हाथी कुछ देर बाद वापस लौटा और उसने बुजुर्ग पर हमला कर दिया। घटना के समय उनका सात वर्षीय नाती भी मौके पर मौजूद था, जो बाल-बाल बच गया। हाथी के हमले में अनिल महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हाथियों ने कई घरों को पहुंचाया नुकसान
हाथियों ने सिर्फ एक व्यक्ति की जान ही नहीं ली, बल्कि गांव में जमकर उत्पात भी मचाया। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों ने कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसके अलावा एक ट्रॉली को भी तोड़ दिया। हाथियों के लगातार हमले से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग हाथियों से सुरक्षा दिलाने में नाकाम साबित हो रहा है। शाम होते ही लोग घरों में कैद हो जा रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, हाथी भोजन की तलाश में घरों में घुस रहे हैं और खेतों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
राजाबासा जंगल में 25 हाथियों ने बनाया ठिकाना
चाकुलिया वन क्षेत्र के कलियाम पंचायत में इन दिनों करीब 25 हाथियों का झुंड सक्रिय है। हाथियों ने राजाबासा जंगल में अपना ठिकाना बना रखा है। इसके कारण कलियाम, हाथीबाड़ी, जामबनी, भूरसानी, गोदाराशोल, सुनसुनिया और सालबनी समेत कई गांवों के ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी रोजाना किसी न किसी गांव में पहुंचकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं, चाकुलिया वन क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में 100 से अधिक हाथियों के विचरण की सूचना है। हाथियों के बढ़ते आतंक को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Tags - East Singhbhum Elephant Attack Chakulia Jharkhand News Wildlife Conflict