द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह। सड़क दुघर्टना में मौत के 18 घंटे बाद भी छात्रा का पोस्टमार्टम नहीं होने से नाराज परिजनों ने शनिवार को बगोदर ट्रामा सेंटर परिसर में हो- हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की है। तोड़फोड़ की घटना में कुर्सियां, नेबुलाइजर मशीन, टेबल, खिड़की आदि क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस भी पहुंची एवं घटना का जायजा लिया।
आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल पर रहने के कारण छात्रा के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। हो- हंगामा और तोड़फोड़ की घटना के बाद स्वास्थ्य कर्मियों में नाराजगी है। इधर विधायक नागेन्द्र महतो की पहल के बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया।.jpeg)
बता दें कि बगोदर के अटका अंतर्गत यमुनानगर की आशा बाला कुमारी की 16 जनवरी को सड़क दुघर्टना में मौत हो गई थी। वह बगोदर के घाघरा साइंस कॉलेज के डिग्री की छात्रा थी। कॉलेज बस से उतरकर वह घर जाने के लिए रोड क्रॉस कर रही थी। इसी दौरान बोलेरो की चपेट में वह आ गई थी। इधर हंगामे और तोड़फोड़ की घटना को देख ड्यूटी पर तैनात डॉ। हेमंती कुमारी अपनी सुरक्षा को लेकर केबिन का दरवाजा अंदर से बंद कर रही थी, इस दौरान दरवाजा पर धक्का मारने से उनकी अंगुली में भी चोट लगी है।
इधर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विनय कुमार ने बताया कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने और गिरिडीह चले जाने से कल शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। आज शव का पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी चल रही थी। इसी बीच आउटसोर्सिंग कर्मचारियों और मृत छात्रा के परिजनों में कहा-सुनी हुई और फिर परिजनों के द्वारा हंगामा और तोड़ फोड़ कर दी गई। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।