द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक के गले पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं, जो निर्मम हत्या की ओर इशारा करता हैं। जानकारी के मुताबिक, लोगों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची टेल्को थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किये जाने की आशंका जताई जा रही है। 
पुलिस के अनुसार जिस स्थान से शव बरामद हुआ है, वहां खून के धब्बे या संघर्ष के कोई संकेत नहीं मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को टेल्को थाना क्षेत्र में लाकर फेंक दिया गया।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके। वहीं मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जायेगा।