दुमका
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत फिटकोरिया गांव में ठंड से बचने के लिए अलाव तापने के दौरान दो बुजुर्ग महिलाओं की झुलसकर मौत हो गई। यह घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय मेघिया देवी और 55 वर्षीय बृहस्पतिया देवी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं एक कमरे में अलाव ताप रही थीं, इसी दौरान आग उनके कपड़ों में पकड़ गई और वे गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, परिजनों ने किसी तरह की साजिश या आपराधिक आशंका नहीं जताई है। प्रथम दृष्टया यह दुर्घटनावश हुआ हादसा माना जा रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया सोमवार को कराई जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
