बहरागोड़ा
पाटपुर ग्रामीण जलापूर्ति योजना से जुड़े बहरागोड़ा प्रखंड के 17 गांवों में गंदे पानी की आपूर्ति की समस्या को लेकर उपायुक्त ने संज्ञान लिया है। कांग्रेस नेत्री ब्यूटी मंडल द्वारा सोशल मीडिया पर उठाए गए इस मुद्दे के बाद जिला प्रशासन ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता को तत्काल स्थल निरीक्षण कर ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि विगत आठ दिनों से पाटपुर जलापूर्ति योजना से 1700 घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बाजार क्षेत्र सहित कई गांवों में लोग पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। जानकारी के अनुसार, योजना को सुवर्णरेखा नदी से पानी प्राप्त होता है, जो लगातार बारिश के कारण मटमैला हो गया है।

जलापूर्ति केंद्र के कर्मचारियों ने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पानी की गुणवत्ता प्रभावित हुई है, हालांकि पानी को फिल्टर करने का प्रयास किया जा रहा है और 2–3 दिनों में स्थिति में सुधार की उम्मीद है।
वहीं, बड़ाकुर्शी पंचायत के खूंटाडीह गांव में छह माह से खराब पड़ी सोलर जलमीनार से भी पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि जलमीनार के खराब होने से उन्हें और राहगीरों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लिए जाने को लेकर ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही स्थायी समाधान होगा और उन्हें स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
