रांची
रांची के रिंग रोड के पास तिलता चौक स्थित ट्यूलिप हॉस्पिटल में गुरुवार को मरीज के परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच मारपीट की घटना हुई है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। मामले की सूचना मिलने पर रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। मिली खबर के मुताबिक, मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इलाज के लिए पैसे लेने के बावजूद मरीज का समुचित इलाज नहीं किया गया। स्थिति बिगड़ने पर परिजनों ने मरीज को बेहतर इलाज के लिए किसी दूसरे अस्पताल में ले जाने की कोशिश की, लेकिन उनका आरोप है कि अस्पताल की ओर से मरीज को बाहर ले जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी।

मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया
इसी दौरान अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल कर्मियों ने उनका मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी रातू थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद रातू थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ ट्यूलिप हॉस्पिटल पहुंचे। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। मरीज के परिजनों की ओर से लगाए गए इलाज में लापरवाही और मोबाइल फोन लेने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। मारपीट की वास्तविक वजह क्या थी और विवाद किस परिस्थिति में बढ़ा, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
.jpeg)