द फॉलोअप डेस्क
रांची जिले की ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने किया। अभियान के दौरान आम लोगों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रिपल राइडिंग से बचने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और तेज या लापरवाही से गाड़ी न चलाने के महत्व के बारे में जानकारियाँ दी गई।
जानकारी के अनुसार, अभियान के तहत बिरसा चौक से अरगोड़ा चौक होते हुए फिरायालाल चौक तक मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। इसके साथ ही, नुक्कड़-नाटक के माध्यम से भी लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के महत्व और उल्लंघन के परिणामों के बारे में बताया गया।
इस दौरान रांची नगर क्षेत्र के कई पुलिस उपाधीक्षक, यातायात पुलिस अधिकारी, स्थानीय थाना प्रभारी, ट्रैफिक प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।