logo

रांची में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक को मारी दो गोलियां

लदसग.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित मौलाना आजाद कॉलोनी में बुधवार शाम आपसी विवाद के बाद गोलीबारी की घटना सामने आई। मौलाना आजाद कॉलोनी गेट के पास पप्पू होटल के निकट हुई इस वारदात में शमशेर नामक युवक को दो गोलियां लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद एक युवक ने पिस्तौल निकालकर शमशेर पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।


घायल युवक को रिम्स किया गया रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल शमशेर को तत्काल अंजुमन अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार घायल शमशेर, अंजुमन इस्लामिया नूरिया महापंचायत के अध्यक्ष हाजी सऊद आलम का पुत्र है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।


आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
गोलीबारी की सूचना मिलते ही नामकुम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नामकुम थाना प्रभारी रामनरायण सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

 

Tags - Ranchi Crime Namkum Jharkhand News Firing Incident Crime News