रांची
राजधानी रांची के पॉश इलाके अशोक नगर स्थित चर्चित बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसआईटी की जांच में इस वारदात के तार बिहार के सीतामढ़ी निवासी अंतरराज्यीय कुख्यात चोर मोहम्मद इरफान उर्फ उजाले से जुड़े हैं। पुलिस ने गिरोह के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना की पत्नी, कथित प्रेमिका समेत कई करीबी सहयोगियों को हिरासत में लिया है। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर लाखों रुपये नकद तथा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि ये लोग चोरी के माल को ठिकाने लगाने, नकदी छिपाने और वारदात के बाद मुख्य आरोपित को सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

कुछ आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
वहीं, गिरोह का सरगना मोहम्मद इरफान उर्फ उजाले और उसके कुछ साथी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी तलाश में रांची पुलिस की विशेष टीम बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार से चोरी का कुछ सामान भी बरामद किया है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही फरार आरोपितों की गिरफ्तारी होने की संभावना है। पुलिस पूरे नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों और चोरी के माल की खरीद-बिक्री की भी गहन जांच कर रही है।
